ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा शुक्रवार को दोहा डायमंड लीग के एक दिवसीय पहले चरण के जरिए पेरिस ओलंपिक की अपनी तैयारियां शुरु करेंगे। जिसमें उनका सामना दुनिया के धुरंधर भाला फेंक खिलाड़ियों से होगा । मौजूदा विश्व और एशियाई खेल चैंपियन भारत के भालाफेंक स्टार चोपड़ा का सामना पूर्व विश्व चैंपियन ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स और ओलंपिक तथा विश्व चैंपियनशिप के पदक विजेता चेक गणराज्य के याकूब वालेश से होगा। एशियाई खेलों के रजत पदक विजेता भारत के किशोर जेना डायमंड लीग में पदार्पण करेंगे। उनका सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत प्रदर्शन 87.54 मीटर है जबकि चोपड़ा का सर्वश्रेष्ठ 89.94 मीटर है जो राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी है। चोपड़ा ने प्रतिस्पर्द्धा से पहले प्रेस कांफ्रेंस में कहा, मैं कल के लिए तैयार हूं। मैं लगातार अच्छा प्रदर्शन करना चाहता हूं। मैं 90 मीटर का थ्रो भी फेकूंगा लेकिन निरंतरता अधिक जरुरी है। यूरोपीय चैंपियन जर्मनी के जूलियन वेबर भी दस खिलाड़ियों में शामिल हैं जो लीग में उतरेंगे। इसके बाद लीग का दूसरा चरण 19 मई को मोरक्को में होगा। चैंपियन भी हैं चोपड़ा यहां गत जिन्होंने 2023 में वालेश और पीटर्स को हराया था। चोपड़ा ने भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा, सफलता टीमवर्क पर निर्भर करती है। मेरे कोच और फिजियो का अपार योगदान है। कोच मेरी तकनीक की समीक्षा करते हैं और बताते हैं कि मेरे अनुकूल क्या होगा। हमारे पास स्ट्रेंथ ट्रेनिंग विशेषज्ञ भी है। पीटर्स ने 2022 में यहां 93.07 का थ्रो फेंका था। वहीं टोक्यो ओलंपिक के रजत पदक विजेता वालेश 2023 डायमंड लीग चैंपियन है और यहीं पर 2022 में उन्होंने 90.88 मीटर का थ्रो फेंका था। चोपड़ा ने डायमंड लीग के तीन अलग अलग चरण जीते हैं और 2022 में चैंपियंस ट्रॉफी हासिल की थी। इसके बाद चोपड़ा तीन साल में पहली बार भारत में खेलेंगे।